कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने आज यहां विधानसभा में विधायक पद की शपथ ग्रहण की। विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति ने उन्हें विधायक पद की शपथ दिलायी। भूरिया हाल ही में संपन्न झाबुआ (अजजा) विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए हैं।
विधानसभा परिसर में स्थित विधान परिषद सभागार में भूरिया को शपथ दिलायी गयी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कमलनाथ, विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, संसदीय कार्य मंत्री डॉ गोविंद सिंह, जनसंपर्क मंत्री पी सी शर्मा, मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
भूरिया ने झाबुआ उपचुनाव में भाजपा के भानु भूरिया को 27 हजार से अधिक मतों से पराजित कर भाजपा से यह सीट छीन ली। राज्य विधानसभा में अब सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के कुल सदस्यों की संख्या 114 से बढ़कर 115 हो गयी है। सदन में कुल 230 सदस्य हैं।